सिटी स्कैन मशीन का शुभारंभ करती केंद्रीय मंत्र अनुप्रिया पटेल। स्रोत- सूचना विभाग
मिर्जापुर। केंद्रीय राज्यमंत्री स्वास्थ्य परिवार कल्याण व रसायन उर्वरक अनुप्रिया पटेल ने रविवार को मंडलीय अस्पताल में पीपीपी माॅडल पर स्थापित नवीन सीटी स्कैन मशीन का उद्धाटन किया। अनुप्रिया पटेल ने कहा कि नवीन सीटी स्कैन की सुविधा 24 घंटे मरीजों के लिए उपलब्ध रहेगी। कहा कि यदि बीमारी की सही पहचान होगी तभी उसका सही उपचार संभव है। सीटी स्कैन एक ऐसी पावरफुल डायग्नोस्टिक है, जिसका आज बड़े पैमाने पर उपयोग हो रहा है। जनपदवासियों को इसका लाभ मिलेगा। बताया कि अमृृत फार्मेसी खुलने से दवाओं और सर्जिकल उपकरण 60 से 90 प्रतिशत तक बाजार से कम दाम पर मिल रहा है। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर बाजार से सस्ती दवाई मिल रही है। मेडिकल कॉलेज का पहला बैच एमबीबीएस करके निकलने वाला है। यहां पर अब तीन विषय में पीजी की पढ़ाई शुरू होगी। इस दौरान छानबे विधायक रिंकी कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, अपना दल एस जिलाध्यक्ष इंजीनियर राम लौटन बिंद, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, जिला कोआपरेटिव बैंक चेयरमैन जगदीश सिंह पटेल, प्राचार्य डॉ. संजीव सिंह, सीएमओ डॉ. सीएल वर्मा, सीएमएस डॉ. एसके श्रीवास्तव, डॉ. मुकेश, डॉ. पंकज पांडेय, डॉ. दुर्गेश सिंह, अश्वनी, दुर्गेश पटेल आदि रहे।
खतरनाक है जेंजी जनरेशन
केंद्रीय मंत्री ने उद्धाटन के बाद मेडिकल कॉलेज के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जेंजी जनरेशन बहुत खतरनाक है। यह जनरेशन बहुत तेज है। 11वीं अर्थव्यवथा से अब चौथी अर्थव्यवस्था हो गई है। जल्द तीसरी अर्थव्यवस्था हो जाएगी। इस विकसित भारत और स्वस्थ्य भारत निर्माण में जेंजी जनरेशन की भूमिका महत्वपूर्ण है।