वाराणसी में एक शख्स ने फंदे से लटककर जान दे दी। उसकी मां का आरोप है कि पत्नी डेढ़ साल से दिल्ली में है। उसके जाने के बाद से ही बेटा परेशान रहता था। उधर, घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।
वाराणसी जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के घसियारी टोला (प्रह्लाद घाट) में शुक्रवार को पवन यादव (43) ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आदमपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
मृतक की मां विमला देवी ने बताया कि पवन उनके तीन बेटों में सबसे बड़ा था। करीब 20 वर्ष पहले सड़क हादसे में घायल होने के बाद से उसका मानसिक इलाज चल रहा था। मां के अनुसार, पवन की पत्नी सुनीता करीब डेढ़ वर्ष पहले अपनी बेटी गार्गी के साथ दिल्ली चली गई थी। इस बात को लेकर पवन सदमे में रहता था। इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
पत्नी ने आने से किया इन्कार
घटना की सूचना मिलने के बाद चौकी प्रभारी आदमपुर प्रशांत पांडेय ने छानबीन की। उन्होंने परिजनों से जानकारी ली और पवन की पत्नी सुनीता को फोन किया। सुनीता ने पुलिस से कहा कि वह दिल्ली में है और बच्ची को पढ़ा रही है। उसने घर आने में असमर्थता जताई।
परिवार सदमे में
पवन के आत्महत्या करने की खबर से परिवार के लोग स्तब्ध हैं। मां विमला देवी और भाई अजय सहित अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। वे इस घटना से बेहद दुखी हैं। पवन के मानसिक स्वास्थ्य और पत्नी के छोड़कर जाने को आत्महत्या का कारण बताया जा रहा है।