प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में राज्य सरकार से अपेक्षित सहयोग न मिलने के कारण लंबित विकास परियोजनाएं अब जल्द ही पूरा होंगी। सूबे के विधि न्याय, सूचना, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने शनिवार को जिले के अफसरों के साथ समीक्षा बैठक कर उनके पेच कसे।
कहा अफसर अपने काम करने का तरीका बदल लें। लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम, नगर निगम, विद्युत सहित अन्य विभागीय अधिकारियों को और अपनी कार्य संस्कृति में बदलाव लाने का निर्देश दिया।
अत्यंत धीमी गति से हो रहे सामनेघाट एवं बलुवाघाट में गंगा नदी पर निर्माणाधीन पुल एवं मंडुवाडीह आरओबी के निर्माण कार्य को प्रत्येक दशा में 30 जून तक पूरा कराए जाने की अंतिम तिथि मुकर्रर की। निर्धारित तिथि तक कार्य पूरा नही हुआ तो अब जिम्मेदारी तय होगी।
कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण को पुलों के निर्माण कार्य के प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा करने को कहा। चौकाघाट उपरगामी सेतु को दिसम्बर 2018 तक हर हालत में पूरा कराने का निर्देश दिया।
मंडुवाडीह आरओबी निर्माण कार्य को जुलाई महीने में पूरा कराये जाने के सेतु निगम के अभियंता के अनुरोध को मंत्री ने खारिज करते हुए कहा कि 15 जून के बाद मानसून आ जाता है और कार्य बाधित हो जायेगा और विभाग को इस्टीमेट रिवाइज कराने का मौका मिल जाएगा।
इस्टीमेट रिवाइज कराने का खेल बंद करने की हिदायत देते हुए 30 जून तक कार्य पूरा कराये जाने का निर्देश दिया। चौकाघाट फ्लाईओवर निर्माण कार्य में बाधक बने अवैध निर्माणों को प्राथमिकता पर हटवाने का जिलाधिकारी को निर्देश दिया।