बाबा दरबार में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल जानने कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने इमरजेंसी, वार्ड नंबर सात, अलावा ब्लड बैंक, ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण किया।
वार्ड में पहुंचकर भर्ती मरीजों से पूछा कि डॉक्टर समय पर आते हैं..? इलाज में कोई लापरवाही तो नहीं बरतते...? इस पर मरीजों ने अस्पताल की व्यवस्था पर संतोष जताया। सीएम ने डॉक्टरों को भी मरीजों का खास ध्यान रखने के निर्देश दिए।
सुबह 7:40 बजे सीएम सबसे पहले इमरजेंसी पहुंचे। यहां वार्ड नंबर दो में सिर में चोट लगने से जख्मी मरीज के इलाज के बारे में चिकित्सा अधीक्षक से पूछा। कहा कि जब न्यूरो सर्जन, फिजिशियन नहीं हैं तो बेहतर इलाज कैसे करेंगे..?
इस पर अधीक्षक ने जरूरत पड़ने पर बीएचयू रेफर करने की बात कही। सीएम ने वार्ड नंबर तीन में कोनिया निवासी डायरिया पीड़ित दो मुस्लिम महिलाओं से उनकी तबीयत का हाल पूछा। यहां से निकलकर वार्ड नंबर सात पहुंचे और भर्ती मरीजों से बात की।
आधे घंटे तक बंद रहा चैनल, कैद रहे मरीज
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान योगी आदित्यनाथ को वार्ड नंबर सात में जाना था। इस वार्ड का चैनल गेट सुबह करीब सात बजे ही अंदर से बंद कर दिया गया। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोई चाय लेकर गया या कोई पानी लेने गया तो बाहर ही रह गया। आठ बजे जब योगी चले गए तब गेट खोला गया।