सीएम योगी आदित्यनाथ और उदयभान करवरिया
- फोटो : अमर उजाला
सूबे में योगी राज आने के बाद प्रदेश सरकार ने पूर्वांचल के बाहुबलियों को जोरदार झटका देते हुए उन्हें गृह जिले की जेलों से काफी दूर भेज दिया गया। साथ ही उन पर निगरानी भी बढ़ा दी गई। अब योगी सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है जिससे वे विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं।
प्रदेश सरकार ने भाजपा नेता और इलाहाबाद के बाहुबली करवरिया बंधुओं को रविवार को जिला जेल से नैनी जेल स्थानांतरण किया जाएगा। तीन माह पूर्व उदयभान करवरिया, कपिल मुनि करवरिया और सूरज भान करवरिया को जिला जेल मिर्जापुर में स्थानांतरित किया गया था।
शासन से आदेश आया है कि तीनों भाइयों को फिर नैनी सेंट्रल जेल भेजा जाए। रविवार को तीनों को नैनी सेंट्रल जेल स्थानांतरित किया जाएगा। जानकार लोग प्रदेश सरकार के इस फैसले पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि इससे जनता के बीच गलत संदेश जाएगा क्योंकि करवरिया बंधु उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के करीबी माने जाते हैं।
इससे पहले बाहुबली एमएलसी बृजेश सिंह की भी जेल नहीं बदली गई थी। इसे लेकर विरोधियों में आक्रोश था। सरकार ने पिछले महीने बाहुबली मुन्ना बजरंगी को झांसी से 500 किमी दूर पीलीभीत जेल भेज दिया था। वहीं इलाहाबाद के बाहुबली अतीक अहमद को इलाहाबाद से देवरिया जेल भेज दिया गया।
मऊ सदर से विधायक मुख्तार अंसारी को लखनऊ की सुविधाजन जेल से बांदा जेल भेज दिया गया है। जेल बदलने के साथ ही इन बाहुबलियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर उठाना शुरू कर दिया है। मुख्तार अंसारी ने तो एक केंद्रीय मंत्री से अपनी जान का खतरा बताया था और सीएम योगी से सुरक्षा देने की मांग की थी।