इस दौरान मुख्यमंत्री ने दस स्वच्छता कर्मियों वसीम, रोहित रावत, राजकुमार, पुनवासी, आशुतोष, दिनेश, सुनील, रेखा, अल्पना और चिंता देवी को अंगवस्त्रम पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में 600 स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया।
403 विधानसभा क्षेत्रों में चले ऐसा अभियान : मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा है। प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर जनप्रतिनिधि इसी जागरूकता के साथ कार्य करें तो जनता के मन में नकारात्मकता पैदा नहीं होगी।
लोकप्रिय जनप्रतिनिधि वही है, जिसकी पहुंच हर घर तक हो। शासन की योजनाएं उपलब्ध हैं, लेकिन कई पात्र लोगों को उनकी जानकारी तक नहीं होती। ऐसे में जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि शिविर लगवाकर वृद्धों, निराश्रित महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों को पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और अन्य योजनाओं का लाभ दिलाएं। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान संवाद से निकलता है। विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि 19 जुलाई से दो अक्तूबर तक चले अभियान में हर वार्ड में तीन से चार दिन प्रवास किया गया। इस दौरान 11 रविवार को जनकल्याण शिविर लगाए गए।
सेवाश्रम संघ में लोगों का अभिवादन स्वीकार करते सीएम योगी।
- फोटो : अमर उजाला
बोले सीएम...
मुख्यमंत्री योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधि ही दोपहर 12 बजे सोकर उठेगा, नेतृत्व देने वाला भी 12 बजे सोकर उठेगा, अपने परिवार के बीच मस्त रहेगा और परिवार को ही समाज व प्रदेश मानने की भूल करेगा तो दुर्गति होनी ही है। उन्होंने कहा कि जो समाज, प्रदेश और देश को अपना परिवार मानते हैं, वही परिवर्तन ला सकते हैं।
सीएम बोले, कुछ जनप्रतिनिधि एक बार चुने जाने के बाद लखनऊ में पड़े रहते हैं और दोबारा अपने क्षेत्र में झांकने नहीं पहुंचते। वह लोग इस कार्यक्रम से सीख लें और अपने क्षेत्र में रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले काशी की गलियों में गंदगी, सड़कों पर जाम और बिजली का संकट आम बात थी। निराश्रित गोवंश सड़कों पर घूमते थे। भू-माफिया गरीबों और व्यापारियों की जमीन-मकान पर कब्जा कर भय का वातावरण बनाते थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी का कायाकल्प हुआ है। अब यह अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए नई आभा के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य सरकार करा सकती है, लेकिन उनके संरक्षण की जिम्मेदारी जागरूक समाज की है। समय पर सफाई और मरम्मत से सार्वजनिक सुविधाओं की उपयोगिता बढ़ती है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, मेयर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, त्रिभुवन राम और भाजपा क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी मधुकर चित्रांश, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि मौजूद रहे।