मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ दो दिवसीय दौरे पर काशी आ रहे हैं। इस खबर के बाद प्रशासनिक हलके में हलचल बढ़ गई है। कमियों को ढकने-छिपाने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक सीएम 26 की शाम दो दिवसीय प्रवास पर बनारस आएंगे।
वे सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे और 27 अगस्त को विकास कार्यों के निरीक्षण के साथ ही अब तक की प्रगति की समीक्षा करेंगे। बताया जा रहा है कि सीएम योगी कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जन्मस्थली लमही में विकास कार्यों का जायजा लेने भी जाएंगे। वे यहां खुली बैठक में गांव वालों से संवाद करेंगे।
बीते 16 अगस्त को प्रमुख सचिव राजस्व डॉ. रजनीश दुबे लमही गए थे तो वहां अंधेरा देखकर हैरानी जताई थी। उन्होंने लमही को सौर ऊर्जा से रोशन करने का निर्देश भी दिया था। 17 अगस्त को प्रमुख सचिव ने कमिश्नरी में बैठक कर प्रशासनिक अधिकारियों को भू-माफिया पर केस दर्ज कर सरकारी जमीन खाली कराने के निर्देश भी दिए थे।
सीडीओ सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की सूचना आई है। मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम आना बाकी है। इसके पूर्व सीएम दो जुलाई को बनारस आए थे। इस दौरान उन्होंने अफसरों को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे।
वे पीएम के आदर्श गांव ककरहिया भी गए थे। इससे पहले 27 मई को जब सीएम आए थे तो उन्होंने कबीरचौरा अस्पताल, चौकाघाट फ्लाईओवर विस्तारीकरण कार्य, मंडुवाडीह आरओबी, सामनेघाट पुल का निरीक्षण किया था।