वाराणसी। जियो फोन की बुकिंग आज से शुरू हो गई पर रिलायंस के स्टोर पर वो उत्साह नजर नहीं आया जो जियो सिम को लेकर उपभोक्ताओं में दिखा था। शाम पांच बजे बुकिंग का समय था बावजूद स्टोर संचालक ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए। फोन की कीमत 1500 रुपये है। शहर के मध्य स्थित रथयात्रा स्टोर पर संचालकों ने बताया कि उन्हें तो यह भी नही जानकारी है कि फोन कब, कैसे और कहां उपभोक्ताओं तक पहुंचेगा।
कुछ दिनों पहले जियो फोन आने को लेकर खूब हो-हल्ला मचा पर गुरुवार को हकीकत बिल्कुल उससे उलट नजर आई। वाराणसी स्थित सात जियो स्टोर रथयात्रा, सिगरा, लंका, चौक, मंडुवाडीह, अर्दलीबाजार, पांडेयपुर में इक्का-दुक्का ग्राहक ही नजर आए। अपेक्षा के विपरीत बेहद कम उपभोक्ताओं के पहुंचने से स्टोर संचालक भी विचलित नजर आए। हालांकि स्टोर संचालक यह कहते नजर आए कि लोग ऑनलाइन ज्यादा बुकिंग करा रहे हैं। जो भी हो पर जियो मोबाइल को लेकर उपभोक्ताओं में कोई उत्साह नजर नही आ रहा है। कुछ युवाओं का कहना था कि पहले मोबाइल आ जाए उसकी सर्विस के आधार पर वह बाद में तय करेंगे कि मोबाइल ले या नहीं। हालांकि आज से ऑनलाइन और ऑफलाइन बुंकिंग शुरू हो गई। एडवांस पांच सौ रुपये और एक हजार रुपये फोन मिलने के बाद देना होगा।