उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि कई साल से प्रदेश में विकास का पहिया थम गया था। अब हर क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। गरीब, महिलाएं, किसान, नौजवानों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।
प्रदेश में एक वर्ष में जितने कार्य हुए हैं, उतने 70 वर्षों में नहीं हुए थे। चंदौली में पीडीडीयू नगर के रेलवे के बाकले मैदान पर विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह के अवसर सीएम योगी संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि एक वर्ष में ग्रामीण क्षेत्रों में 8.85 लाख और शहरी क्षेत्र में चार लाख 25 हजार आवासों का निर्माण कराया गया। स्वच्छता के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। सपा के तीन वर्ष कार्यकाल में मात्र दस लाख शौचालय बने थे, जबकि भाजपा के एक वर्ष के शासन काल में 1.03 करोड़ शौचालय बनाए गए हैं।
इस क्षेत्र को धान का कटोरा कहा जाता है। पहले किसान रोता था, धान और गेहूं बेचने के लिए समितियों के चक्कर लगाता था, लेकिन उत्तर प्रदेश पहला राज्य है, जहां सभी किसानों के खाते में एक लाख करोड़ से अधिक धान मूल्य आरटीजीएस के माध्यम से खाते में भेजे गए।
पिछले वर्ष हमने 37 लाख मीट्रिक धान की खरीद की थी, जबकि इस वर्ष 53 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की और अब 45 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की है। शासन की मंशा पारदर्शिता के साथ विकास करना है। पहले युवाओं को हर जगह अपमानित होना पड़ता था, लेकिन आज स्थिति बदल गई है। गुंडागर्दी, परिवारवाद से छुटकारा मिला है और नौकरियों में सबको समान अवसर मिल रहा है।
इसी तरह स्किल डेवलपमेंट के जरिए युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। प्रदेश में शांति का माहौल कायम हुआ है। इससे सूबे में निवेश बढ़ा है और बड़े उद्यमियों ने कदम बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पहले यहां मुगलसराय की पहचान थी लेकिन अब पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर और जंक्शन होने के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के नाम से जाना जाएगा। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।