मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि डाकघरों के दिन अब बहुरेंगे। समय के साथ न चलने की वजह से ये दयनीय स्थिति में पहुंच गये थे। बनारस के प्रधान डाकघर विश्वेश्वरगंज में शनिवार को मुख्यमंत्री ने इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने तीन खाताधारकों को क्यूआर कोड देकर उन्हें बधाई दी।
उन्होंने कहा कि पेमेंट बैंक के माध्यम से अब लोगों को घर बैठे ही बैंक की सुविधा मिल जाएगी। डाक सेवक बायोमीट्रिक मशीन लेकर घर आएगा। क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद खाताधारक बस अंगूठे के निशान का मिलान कराना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक साथ 1.30 लाख से अधिक डाकघरों में इस अपडेट तकनीक से तीन लाख से अधिक डाक सेवकों के जीवन में बदलाव आएगा। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। हालत यह थी कि डाकघरों की प्रासंगिकता पर सवाल खड़े हो रहे थे। डाकपाल, डाकसेवकों का मानदेय दशकों से नहीं बढ़ा था। सरकार भी कोई रणनीति नहीं बना पा रही थी। अब ऐसा कुछ नहीं है।
सीएम ने इस दौरान पीएम की ओर से जनधन योजना, डिजिटल लेन देन आदि योजनाओं की चर्चा करते हुए अधिक से अधिक लोगों को लाभ लेने का आह्वान किया। उत्तर प्रदेश में एक लाख करोड़ रुपया किसान के खातों में डिजिटल पेमेंट के माध्यम से भुगतान किया गया। यूपी में 15500 बैंक शाखाएं हैं तथा 17000 से अधिक पोस्ट ऑफिस हैं। ये अब बैंक का कार्य करेंगे।
इस दौरान नई दिल्ली में प्रधानमंत्री की ओर से किए गए पोस्ट पेमेंट बैंक के कार्यक्रम का प्रसारण भी हुआ। समारोह में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अनिल राजभर, राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, अपर मुख्य सचिव सूचना अवनीश कुमार अवस्थी, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, आईजी विजय सिंह मीणा, डीएम सुरेंद्र सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।