बेलवरिया में ‘संकल्प से सिद्धि’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के सपनों के भारत का दिया संदेश
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को नागरिकों को 2022 तक नए भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया। वाराणसी के हरहुआ ब्लॉक मुख्यालय से सटे बेलवरिया में बारिश के बीच हुए ‘संकल्प से सिद्धि’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी के सपनों का भारत बनाने का संदेश दिया।
इस मौके पर उन्होंने ब्लॉक परिसर में सम्राट अशोक की लाट की अनुकृति के अलावा लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया।
शपथ दिलाने के लिए तय समय से करीब आधा घंटा पहले अपराह्न 12:45 बजे मुख्यमंत्री जब मंच पर पहुंचे तब तेज हवाओं के साथ धूल उड़ने से दिक्कतें हुईं। एक-दो जगह तेज हवा से तंबू-कनात उखड़ गए।
मुख्यमंत्री ने मौसम को देखते हुए तत्काल संकल्प की प्रक्रिया पूरी कराई। हालांकि सीएम जैसे ही संकल्प के लिए खड़े हुए तो बारिश शुरू हो गई। सुरक्षा में लगे जवान ने बारिश से उनके बचाव के लिए छाता खोलना चाहा तो सीएम ने डांटकर बंद करा दिया। खुद मंच पर भीगकर शपथ दिलाई।
संकल्प के बाद कहा कि खुशहाल भारत के लिए पीएम मोदी ने संकल्प से सिद्धि का मंत्र दिया है। जहां भ्रष्टाचार, गरीबी, असमानता का कोई स्थान नहीं होगा। 1.25 करोड़ की आबादी में सबसे पहले गांव के किसान के बारे में सोचा जा रहा है। काशी में जन्म लेना बड़े सौभाग्य की बात है। यहां का नेतृत्व प्रधानमंत्री कर रहे हैं, यह गौरव की बात है।
विशिष्टि अतिथि किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भदोही सांसद विरेंद्र सिंह 'मस्त' ने किसानों के खुशहाली के लिए सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान उन्हें खेती-किसानी के प्रतीक के तौर पर हल भेंट किया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री को अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न के अलावा पुष्प और किताब भेंट की गई। स्कूली छात्राओं ने संगीतमय वंदेमातरम किया।