- मशहूर गायक कविश सेठ ने शानदार प्रस्तुति दी, पहलवानों ने कुश्ती का किया प्रदर्शन
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। देसी विदेशी कलाओं के संगम के साथ बनारस में पहली बार बनारसगिरी जैसा अद्भुत आयोजन हुआ। सड़क पर एक साथ योग, जुम्बा, सेल्फ डिफेंस, स्केटिंग, और कुश्ती के साथ ही स्कूलों बच्चों और कलाकारों ने अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजकों ने कार्यक्रम की सफलता को देखते हुए 29 दिसंबर को बनारसगिरी 2.0 की घोषणा की।
छावनी परिषद वाराणसी, वाराणसी विकास प्राधिकरण और यंग इंडियंस टीम की ओर से कैंट छावनी के नेहरू पार्क में रविवार की सुबह छह बजे से बनारसगिरी कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम का आगाज योग और ध्यान से हुआ। अलग-अलग जगहों पर जुम्बा, सेल्फ डिफेंस और अखाड़े में पहलवानों ने कुश्ती के दांव-पेंच का प्रदर्शन किया। फेस पेंटिंग, टी-शर्ट पेंटिंग और पोस्टर मेकिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। यातायात नियमों का पालन करने के लिए नुक्कड़ नाटक हुआ। आर्मी बैंड ने संदेसे आते हैं... गीत की मार्मिक प्रस्तुति दी। मशहूर कवि, गायक व गीतकार कविश सेठ ने हिंदी बोले तो बोले... समेत कई गीतों की प्रस्तुति से सभी को मुग्ध कर दिया। वीडीए वीसी पुलकित गर्ग और एडीजी पीयूष मोर्डिया ने दीवारों पर कलाकृतियां भी बनाईं। छोटे बच्चों ने राष्ट्रध्वज हाथों में लेकर स्केटिंग का प्रदर्शन किया। संचालन दुर्गेश ने किया। इस मौके पर कैंटोनमेंट सीईओ सत्यम मोहन, ब्रिगेडियर अनिर्बन दत्ता समेत यंग इंडियंस की पूरी टीम रही।
-
विजेताओं को मिले कैश प्राइज
फेस पेंटिंग, टी-शर्ट पेंटिंग और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को कैश प्राइज दिए गए। प्रथम को 7500, द्वितीय को 5000 और तृतीय को 2500 रुपए इनाम में मिले। फेस पेंटिंग में आस्था व अंशिका ने प्रथम, आदित्य व अर्श ने द्वितीय और प्रीति व मोनिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। टी-शर्ट पेंटिंग में प्रथम स्थान सिखी कुमारी, द्वितीय खुशी और तृतीय आकांक्षा को मिला। पोस्टर मेकिंग में आराध्य तुलस्यान प्रथम, आशी सिंह द्वितीय और आराध्य चक्रवाल तृतीय स्थान पर रहे।