बीएचयू के वैदिक विज्ञान केंद्र की ओर से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पांच दिवसीय वेबिनार के पहले दिन वक्ताओं ने योग की महत्ता बताते हुए इसके लिए लोगों से आगे आने का आह्वान किया। उद्घाटन समारोह में यूजीसी के चेयरमैन प्रो. डीपी सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालयों महाविद्यालयों में योग को बढ़ावा देने के लिए प्रचार प्रसार किया जा रहा है। साथ ही अधिक से अधिक छात्रों को जोड़ा जा रहा है।
अध्यक्षता करते हुए बीएचयू के कुलाधिपति और हाईकोर्ट के अवकाश प्राप्त न्यायाधीश गिरधर मालवीय ने कहा कि योग के विषय में जन जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में वेबीनार सहित अन्य आयोजनों की जरूरत है। इस दौरान हिमालय आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय उत्तराखंड के उपकुलपति डॉ. राजेश नैथानी ने शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम में आईआईटी बीएचयू के पूर्व प्रोफेसर शंकर विनायक, डॉ. टोनी नाडर, प्रो. हृदय रंजन शर्मा, उपेंद्र कुमार त्रिपाठी, प्रो. मधुमिता भट्टाचार्या, प्रो. रामसागर मिश्र आदि रहे।
योग के प्रति जागरूकता का लिया संकल्प
बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय के गायन विभाग की ओर से आयोजित 10 दिवसीय ऑनलाइन योग प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन शिक्षकों, विद्यार्थियों ने योगाभ्यास कर योग के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रो. संगीता पंडित, डॉ. ज्ञानेश चंद्र पांडेय, प्रेम किशोर मिश्र, शारदा वेलंकर, रेवती साकलकर, डॉ. रामशंकर, बाला लखेंद्र आदि मौजूद रहे।
घरों में किया योगाभ्यास
विश्व योग दिवस की पूर्व संध्या पर श्री अग्रसेन कन्या पीजी कालेज गृह विज्ञान संकाय में एमए द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की छात्राओं के बीच योग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 75 छात्राओं ने भाग लिया। प्रथम स्थान पर रोशनी गिरी, द्वितीय स्थान पर संगीता, तृतीय पर किरण व सांत्वना पुरस्कार पूजा व अंजलि को प्रदान किया गया। इस दौरान डॉ. कुमकुम मालवीय, डॉ. अनीता सिंह, डॉ. सुमन मिश्रा आदि मौजूद रहे। वहीं, 100 यूपी बीएन की लेफ्टिनेंट उषा बाल चंदानी, योग गुरु संतोष कुमार वर्मा व कालेज की ओर से एनसीसी कैडेट्स के लिए योगा अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उधर, नव सृजन फाउंडेशन की ओर से रविवार को विश्व योग दिवस की पूर्व संध्या पर सेनपुरा पार्क में योग शिविर का आयोजन किया गया।