मुख्य अतिथि पहलवान असलम भूरा और विकास पहलवान का हाथ मिलाते हुए ! स्वयं
विकासखंड के ग्राम पंचायत रैमला स्थित खेल मैदान में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की स्मृति में दंगल हुआ। सबसे लंबी कुश्ती असलम भूरा और विकास के बीच चली। इसमें असलम भूरा के निकास दांव पर विकास ने कालाजंग से की काट निकाला और यह मुकाबला बराबरी पर छूटा। एक लाख की इनामी कुश्ती में दिनेश और सनी के बीच कांटे की टक्कर हुई।
इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 50 से ज्यादा जोड़ी पहलवानों ने दमखम दिखाया। दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ दंगल रात आठ बजे तक चला। शुभारंभ चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह और विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने किया।
दिल्ली के पहलवान असलम भूरा और वाराणसी के विकास पहलवान के बीच 10 मिनट तक मुकाबला हुआ। असलम भूरा ने कमर फंसाकर विकास को तेजी से घुमाते हुए चित करने का प्रयास किया लेकिन विकास ने फुर्ती दिखाते हुए कालाजंग दांव की काट कर खुद को बचा लिया। निर्धारित समय में मुकाबला निर्णायक नहीं होने पर कुश्ती प्रेमियों की मांग पर पांच मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया। इसके बावजूद दोनों पहलवान एक-दूसरे को पटखनी नहीं दे सके और मुकाबला बराबरी पर छूटा। वीर लोरिक व्यायामशाला अखाड़ा गौराकला के ज्ञानी पहलवान ने अहरक के विकास पहलवान को महज तीन मिनट में बहरी पट दांव लगाकर चित कर दिया। दंगल का सबसे रोमांचक मुकाबला पंजाब के पहलवान दिनेश और स्वामीनाथन अखाड़े के सनी के बीच एक लाख रुपये की इनामी कुश्ती का रहा। इस अवसर पर हिंद केसरी लालजी पहलवान, सुजीत यादव लक्कड़ पहलवान, मनोहर पहलवान, आकाश मौर्य, संजय मिश्र, राधाकृष्ण संजय यादव मौजूद रहे।