वाराणसी के बड़ागांव क्षेत्र के रायपुर (अनेई) गांव निवासी विश्व विख्यात कृषि वैज्ञानिक डॉ. संजय राजाराम (80) जिन्हें देश विदेश में पद्मश्री सहित विश्व स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था उन्हें कोविड महामारी ने चपेट में ले लिया। कल अमेरिका में उपचार के दौरान उनका देहांत हो गया। सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
कृषि वैज्ञानिक को सन् 2001 में तत्कालीन राष्ट्रपति केआर नारायणन द्वारा पद्मश्री से नवाजा गया था। वर्ष 2014 में कृषि क्षेत्र का नोबेल पुरस्कार कहे जाने वाले विश्व खाद्य पुरस्कार से भी नवाजा गया। चीन ने 2001 में फ्रेंडशिप अवार्ड के साथ ही विभिन्न देशों ने सौ से भी ज्यादा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया।