तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। यह संदेश तंबाकू उत्पादों के साथ ही अलग-अलग माध्यम से प्रसारित भी किया जाता है। बावजूद लोग तंबाकू छोड़ नहीं पा रहे हैं। हर महीने बीएचयू में 500 नये मरीज सर्जिकल आंकोलॉजी की ओपीडी में पहुंच रहे हैं। इन मरीजों में सबसे ज्यादा जर्दा, सुर्ति, तंबाकू खाने वाले थे।
कई लोगों का मुंह पूरी तरह से नहीं खुल पाता तो कुछ के मसूढ़ों में सूजन रहती है। जांच के बाद ज्यादातर में कैंसर की पुष्टि होती है। 40 मरीजों की हर महीने सर्जरी भी की जाती है। तंबाकू के सेवन से होने वाली बीमारियों और बचाव के बारे में जागरूक करने के लिए हर साल 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से इस साल की थीम बच्चों को तंबाकू उद्योग से बचाना है।
बीएचयू के सर्जिकल आंकोलॉजी विभाग के प्रो. मनोज कुमार पांडेय का कहना है कि ओपीडी में 500 नये तंबाकू से कैंसर के आते हैं। प्रारंभिक स्तर वालों को जांच के बाद दवा दी जाती है। कुछ की सर्जरी करनी पड़ती है। 20 से 30 साल वाले करीब 100, 40 से 50 साल के बीच वाले 300 मरीज होते हैं। 50 से अधिक वाले करीब 100 लोग आते हैं।
महिलाओं को भी हो रहा मुंह का कैंसर
सर्जिकल आंकोलॉजी में कई महिलाओं में भी कैंसर की पुष्टि होती है। प्रो. मनोज का कहना है कि नये मरीजों में 50 महिलाएं होती हैं। ज्यादातर महिलाओं के मसूढ़े खराब रहते हैं। वो तंबाकू को काफी देर तक मुंह में रखती हैं। ओपीडी में परामर्श, जांच, ऑपरेशन के साथ ही जागरूक किया जाता है।
स्मोक लेस तंबाकू के सेवन से मुंह और गले का कैंसर
बीएचयू दंत चिकित्सा विज्ञान संकाय के पूर्व प्रमुख प्रो. टीपी चतुर्वेदी का कहना है कि ओपीडी में स्मोक लेस तंबाकू यानी गुटखा, पान, खैनी, सुंघनी का इस्तेमाल करने वालों को मुंह और गले का कैंसर होता है। तंबाकू और शराब दोनों का उपयोग करने से कैंसर का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।