पर्यावरण को शुद्ध बनाएंगे प्रदेश भर के शिक्षक
कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन संकट ने कई लोगों से उनक अपनों को छीन लिया है। ऑक्सीजन के इस संकट को देखते हुए प्रदेश भर के शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रकृति मित्र अभियान की शुरूआत की है। मिशन शिक्षण संवाद की ओर से पांच से 15 जून तक यह अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में कोरोना काल में ऑक्सीजन के अभाव में मरने वाले लोगों की स्मृति में एक पौधा लगाकर उन्हें श्रद्धांजलि के रूप में समाज को प्रकृति से मित्रता का संदेश दिया जाएगा। मिशन शिक्षण संवाद वाराणसी के संयोजन रविंद्र कुमार व सरिता राय ने बताया कि इस अभियान में टीचर्स क्लब उत्तर प्रदेश व रेड टेप मूवमेंट का भी सहयोग है।
शहर को हरा-भरा बनाने में मदद करेगा रोटरी क्लब
रोटरी अंतराष्ट्रीय मंडल 3120 एवं रोटरी क्लब वाराणसी की सभी शाखाएं मिलकर शहर को हरा-भरा बनाने में सहयोग करेंगी। इसके लिए विश्व पर्यावरण दिवस पर क्लब की ओर से वृहद पौधरोपण अभियान की शुरूआत की जाएगी। शुक्रवार को क्लब की ओर से आयोजित प्रेसवार्ता में दीपक अग्रवाल ने बताया कि रोटरी अंतराष्ट्रीय मंडल की ओर से पांच लाख पौधों को लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत वाराणसी की सभी शाखाओं की ओर से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण किया जाएगा।
रजत जयंती वर्ष पर भारत विकास परिषद का पर्यावरण अभियान
कोरोना महामारी में ऑक्सीजन संकट को देखते हुए भारत विकास परिषद की सभी शाखाओं की ओर से पर्यावरण अभियान की शुरू की गई है। जिसमें संस्था के सदस्यों को पौधे वितरित किए। काशी प्रांत के प्रांतीय अध्यक्ष मुकुल साह ने बताया कि इन पौधों को संरक्षित करने वालों को भारत विकास परिषद सत्यम सम्मानित करेगी। इसके साथ ही संस्था द्वारा पौध बैंक बनाया जाएगा, जिससे जो व्यक्ति पौधे लेना चाहेगा, संस्था उन्हें पौधे उपलब्ध कराएगी।
चित्र के जरिए दे रहे पेड़ बचाएं, जीवन पाएं का संदेश
पर्यावरण आज देश के लिए एक बड़ा मुद्दा बन गया है। इसके प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बीएचयू दृश्य कला संकाय के पूर्व छात्र छायाकार विनोद राव ने अपनी कला का सहारा लिया है। अपनी कैनवास पेटिंग के जरिए विनोद ने पेड़ बचाएं, जीवन पाएं का संदेश दे रहे है। अपनी पेटिंग में उन्होंने वास्तविक पेड़ को जोड़ रखा है, जिसपर रक्षासूत्र बंधा है। रक्षासूत्र के जरिए उन्होंने पेड़ व मनुष्य के बीच रक्षा संबंध का एहसास देने की कोशिश की है। इससे पहले भी विनोद राव ने पिछले वर्ष कोरोना पर आधारित जन जागरूकता के लिए 30 पोस्टर व चार शार्ट फिल्में बना चुके है। पर्यावरण संरक्षण के संदेश पर आधारित यह पेटिंग जल्द ही जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा को भेंट की जाएगी।