रोते बिलखते मृतक युवक के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
चीनी मिल में सफाई करते समय एक मजदूर का पैर फिसल जाने से उसकी मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह को उत्तर प्रदेश के आजगगढ़ में हुई। शाम को पोस्टमार्टम के बाद परिवार के लोग शव लेकर सठियांव पहुंचे और बीच सड़क पर शव रखकर जाम लगाने का प्रयास किया।
लेकिन सीओ सदर के नेतृत्व में मौजूद पुलिस ने डंडा पटककर सभी को खदेड़ दिया। फैक्ट्री प्रबंधन ने आश्रितों को 40 हजार रुपए की तत्काल सहायता दी। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के काशीपुर गांव निवासी यशवंत राम (25) पुत्र रूपचंद चीनी मिल सठियांव में मजदूरी करता था। मिल में तीन इंजेक्शन पंप लगे है।
जिसके पास लगभग 15 फुट के गहरे टैंक है। शुक्रवार को टैंकों की सफाई के लिए यशवंत की ड्यूटी टैंक के पास लगे झाग को हटाने में थी। भोर में साढ़े चार बजे के आसपास सफाई करते समय उसका पैर फिसल गया और वह सीधा टैंक में गिर गया। बगल के मजदूरों ने उसे डूबता देख शोर मचाया।
शिफ्ट इंचार्ज सुरेश सिंह चौहान ने पंप को बंद कर सीढ़ी के सहारे मजदूर को बाहर निकाला तथा निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टर ने यशवंत को मृत घोषित कर दिया।
उधर मजदूर की मौत की सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे सदर तहसीलदार हेमंत कुमार ने घर वालों को कृषक दुर्घटना बीमा सहित अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। यशवंत राम के एक पुत्र है। सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया कि अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के संबंध में अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है।