प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल कैंसर सेंटर का निर्माण तेजी से हो रहा है।
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू के सुंदर बगिया में बन रहे महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर सेंटर के निर्माण कार्य देखने टाटा मेमोरियल कैंसर सेंटर, मुंबई की टीम गुरुवार को पहुंची। निदेशक की अगुवाई में आई पांच सदस्यीय टीम ने जायजा लेने के बाद विश्वविद्यालय अधिकारियों से बातचीत की। 600 करोड़ की लागत से 250 बेड की क्षमता के कैंसर सेंटर की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष 22 दिसंबर को रखी थी।
प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल कैंसर सेंटर का निर्माण तेजी से हो रहा है। 15 एकड़ में बन रहे 10 मंजिला भवन की दीवारें खड़ी हो गई हैं। यहां कैंसर के मरीजों सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।
दो दिवसीय दौरे पर आई टीम में टाटा कैंसर सेंटर के निदेशक डॉ. कै लाश शर्मा, डॉ. पंकज चतुर्वेदी, चीफ इंजीनियर जी सिंह धनोवा आदि ने केंद्रीय कार्यालय जाकर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी उपाध्याय सहित अन्य अधिकारियों से बातचीत की।
इसके बाद सुंदर बगिया जाकर निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। सेंटर में दो तरफ से गेट बनाने की चर्चा चल रही है, जिस पर जल्द फैसला होगा।