काशी की धरती से अब महिला पहलवानों की नई फौज तैयार होगी। महिला पहलवानों के प्रशिक्षण के लिए यहां निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज में स्पोर्ट्स अथॉरिटी आफ इंडिया की ओर से पूर्वांचल का पहला आवासीय प्रशिक्षण केंद्र दिसंबर से आरंभ हो जाएगा।
इसके लिए चयन परीक्षण आरंभ हो चुका है। तीन चरणों में होने वाले चयन परीक्षण के पहले चरण में छह महिला खिलाड़ी चयनित कर ली गई हैं।
निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज के प्रांगण में साई का महिला कुश्ती केंद्र न सिर्फ वाराणसी बल्कि समूचे पूर्वांचल की महिला खिलाड़ियों के लिए वरदान साबित होगा।
स्पोटर्स अथॉरिटी आफ इंडिया (साई) हॉस्टल की क्षमता 25 खिलाड़ियों की है। खिलाड़ियों के चयन के लिए पहला ट्रायल 30 अक्तूबर को आयोजित किया गया था। इसमें पूर्वांचल के गाजीपुर, आजमगढ, चंदौली, मिर्जापुर और वाराणसी के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
दूसरे चरण के चयन परीक्षण की तिथि नवंबर में घोषित की जाएगी। 12 से लेकर 18 वर्ष तक की बालिकाएं इस चयन ट्रायल में हिस्सा ले सकती हैं। इच्छुक खिलाड़ी यूपी कॉलेज के साई स्पोर्ट्स सेंटर या फिर निवेदिता शिक्षा सदन कॉलेज से इस बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं।