निकाय चुनाव में इस बार आधी आबादी के जोश ने लोगों को चौंका दिया। शहर की सरकार चुनने को घर की ‘सरकार’ संभालने वाली पूरे उत्साह और जोश के साथ निकलीं। बनारस में सुबह से लेकर शाम तक लोकतंत्र के इस पर्व में आधी आबादी ने अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी दिखाई।
विज्ञापन
खास तौर पर मुस्लिम इलाकों में महिलाओं ने जबरदस्त वोटिंग कर जागरूकता का परिचय दिया। ऐसे माना जा रहा है कि इस बार महापौर की सीट महिला आरक्षित होने की वजह से भी महिलाओं ने अपनी भागीदारी निभाई।
रविवार को नगर निकाय चुनाव में आधी आबादी ने अपना पूरा दम दिखाया। चाहे बुजुर्ग हो या युवा, गृहणियां और कामकाजी महिलाएं मतदान को अपनी अहम जिम्मेदारी मानते हुए घरों से निकलीं और शहर की सरकार चुनी। सुबह के वक्त तो उनकी भीड़ कम नजर आई लेकिन दोपहर बाद अपने कामों से फारिग होकर उन्होंने अपने मत का उपयोग किया।
विज्ञापन
शहर के विकास, शुद्ध पेयजल, सुव्यवस्थित सड़क जैसे मुद्दे पर काम करने वाले जुझारु पार्षद को चुनने में उन्होंने अपनी भूमिका निभाई लेकिन इससे ज्यादा उनमें महिला महापौर चुनने में उत्साह दिखाया। महिलाओं की मानें तो महिला महापौर को चुनने की बात थी तो हम कैसे पीछे रहते।
मुस्लिम इलाकों में महिलाओं की खासी भीड़ नजर आई। हालांकि इस बीच अफवाह ये भी उड़ाई गई कि कुछ मुस्लिम इलाकों में महिलाआें को वोट देने के लिए घर से बाहर निकलने नहीं दिया गया। दोपहर बाद मतदान केंद्रों पर महिलाओं का हुजूम नजर आया। इसका कारण घरों के काम काज के बाद महिला मतदाता वोट डालने पहुंचीं। यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
कहीं समूह में तो कहीं परिवारीजन के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अपने मताधिकार का प्रयोग करने में बुजुर्ग महिलाएं भी पीछे नही रहीं और मतदान केंद्र पहुंचीं।
नगर पालिका रामनगर में नोकझोंक के बीच 55 प्रतिशत मतदान
कहीं आधे घंटे तो कहीं एक घंटे रुका रहा मतदान
- फोटो : अमर उजाला
नगर पालिका चुनाव में रविवार को नोकझोंक के बीच करीब 55 प्रतिशत मतदान हुआ। कुछ केंद्रों पर प्रत्याशियों और एजेंटों को बाहर करने पर समर्थकों ने जमकर हंगामा मचाया और उनकी पुलिस से झड़पें भी हुईं।
सुबह नौ बजे के बाद मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ने लगी। प्राथमिक विद्यालय सदर और प्रभु नारायन इंटर कॉलेज के बूथों पर काफी लंबी कतारें लगी थीं। दोपहर में कमिश्नर, डीएम, आईजी और एसएसपी ने प्रभु नारायन कॉलेज सहित कई केंद्रों पर पहुंचकर मतदान का जायजा लिया।
नगर पालिका चुनाव में बैलेट पेपर से मतदान हुआ, जिसको लेकर जबरदस्त सुरक्षा रही। मतदान केंद्रों पर मुख्य द्वार से लेकर अंदर बूथों तक पुलिस, पीएसी के जवान मुस्तैद दिखे। सुबह 11 बजे राधा किशोरी इंटर कॉलेज के गेट पर खड़े सपा के चेयरमैन प्रत्याशी आलोक सेठ को पुलिस ने बाहर कर दिया तो समर्थक हंगामे पर उतर आए। इसी तरह कई बूथों से एजेंट भी बाहर किए गए।
आरोप है कि उनसे वोटर लिस्ट भी ले ली गई, जिसको लेकर वह नाराज दिखे। प्राथमिक विद्यालय सदर, प्रभु नारायन इंटर कॉलेज और प्राचीन पूर्व माध्यमिक विद्यालय पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा दिखी। महिलाएं भी पूरे उत्साह के साथ वोट देने के लिए कतारों में खड़ी रहीं।
शाम को साहित्य नाका स्थित मतदान केंद्र पर फर्जी वोटिंग की सूचना से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। कुछ देर के लिए मतदान रोकना पड़ा।
पड़ताल के कुछ देर बात पता चला कि किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि एक पार्टी के लोग फर्जी मतदान कर रहे हैं। हालांकि यह सूचना गलत निकली। एसडीएम सदर सुनील वर्मा ने बताया कि रामनगर में कुल 55 प्रतिशत मतदान हुआ है।
चंद्रशेखर आजाद वार्ड का वोटिंग प्रतिशत 86.36 रहा
- फोटो : अमर उजाला
गंगापुर नगर पंचायत के चुनाव में मतदाताओं ने रिकॉर्ड मतदान कर एक बार फिर जागरूकता का परचम लहराया। यहां पर मतदान की अपील रंग लाई और लोग घर से निकलकर बूथों तक पहुंचे। युवाओं के साथ बुजुर्गों में भी उत्साह दिखा। सुबह से ही लोग वोट डालने के लिए निकलते रहे।
गंगापुर नगर पंचायत में कुल 5949 मतदाताओं में से 4676 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। देर शाम तक 78.65 प्रतिशत वोट पड़े। सबसे अधिक वोट इंकलाब जिंदाबाद का नारा देने वाले चंद्रशेखर आजाद के नाम पर रखे गए वार्ड आजाद नगर में पड़े।
यहां पर मत का प्रतिशत 86.36 प्रतिशत रहा। जबकि, गांधी नगर वार्ड में 78.42 प्रतिशत, जवाहर नगर वार्ड में 75.60 प्रतिशत, पटेल नगर में 73.84 प्रतिशत, राज नारायण नगर में 73.45 प्रतिशत, मालवीय नगर में 84.48 प्रतिशत, बलवंत नगर में 78.94 प्रतिशत, लोकमान्य नगर में 72.92, मोतीलाल नगर में 83.55 प्रतिशत, सुभाषनगर में 78.99 वोट पड़े।