राजधानी एक्सप्रेस के किराए में खाने की कीमत जुड़ी रहती है, बावजूद इसके एक महिला से पेंट्रीकार के कर्मियों ने पैसे मांग लिए। महिला ने पैसे तो दे दिए लेकिन जब ट्रेन मुगलसराय पहुंची तो जमकर हंगामा किया। घटना शनिवार देर रात की है।
नई दिल्ली से रांची जा रही 12454 डाउन राजधानी एक्सप्रेस के पेंट्रीकार के कर्मियों ने महिला से खाने के पैसे ले लिए थे। ट्रेन के मुगलसराय पहुंचने पर महिला ने शनिवार रात इसकी शिकायत आईआरसीटीसी के अधिकारियों से की। पेंट्रीकार मैनेजर के रुपये वापस करने पर मामला शांत हुआ।
डाउन रांची राजधानी एक्सप्रेस में खुर्शिदा बेगम नई दिल्ली से मुगलसराय की यात्रा कर रही थीं। रात में खुर्शिदा बेगम को खाना देने पहुंचे पेंट्रीकार कर्मियों ने रुपये मांगे। खुर्शिदा बेगम ने कहा कि किराए में खाने की कीमत जुड़ी रहती है। बावजूद इसके पेंट्रीकार कर्मी ने उनसे रुपये लिए।
खुर्शिदा बेगम ने इसकी शिकायत आईआरसीटीसी के अधिकारियों से की, लेकिन उन्होंने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। इससे नाराज खुर्शिदा बेगम ट्रेन के शनिवार देर रात डेढ़ बजे मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर हंगामा कर दिया।
जानकारी होते ही आईआरसीटीसी के अधिकारियों ने पेंट्रीकार कर्मी से पैसे वापस कराए, तब वह शांत हुईं। इसके बाद ट्रेन रवाना हुई।