पुलिस ने ज्यादती करने के आरोप को बेबुनियाद बताया
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के जौनपुर जिले के एक गांव में बुधवार सुबह पुलिस ने शिकायतकर्ता के ही घर दबिश दे दी। आरोप है कि पुलिस के बर्ताव से एक महिला को दिल का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई। इसके विरोध में ग्रामीणों ने मछलीशहर-जंघई मार्ग जाम कर दिया। कार्रवाई का आश्वासन देकर पुलिस ने एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया।
चौकीकला गांव निवासी हिमाचल बिंद की पुत्री की शादी 22 जून को है। इसमें भाग लेने के लिए भदोही जिले दशवतपुर से उनकी बहन शांता देवी (50) आई थी। हिमाचल का पड़ोसी से घूर-गड्ढे का विवाद चल रहा है। घूर को पड़ोसी पाट रहे थे।
आरोप है कि इसकी शिकायत करने पर पुलिस इसे रोकने के बजाए हिमाचल के घर ही बार-बार दबिश दे रही थी। बुधवार सुबह पुलिस ने हिमाचल के घर फिर दबिश दी। आरोप है कि पुलिस वालों ने परिवार वालों को इतना भयभीत किया कि शांता देवी को दिल का दौरा पड़ गया।
घर वाले उन्हें मछलीशहर ले गए लेकिन मौत हो चुकी थी। इसके बाद लोगों ने शव रख कर रास्ता जाम कर दिया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी मछलीशहर अवधेश शुक्ला पहुंचे।
पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन पर एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। शांता के पति ने मुकदमा दर्ज कराने से इनकार कर दिया। सीओ का कहना है कि महिला की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। पुलिस ने कोई ज्यादती नहीं की है। परिवार वाले झूठा आरोप लगा रहे हैं।