नोएडा से बेटे को लेकर आई मां को रविवार को वाराणसी के भिखारीपुर स्थित उनके अपार्टमेंट में घुसने से लोगों ने मना कर दिया। महिला ने बेटे की बीएचयू की जांच रिपोर्ट दिखाई तब भी लोग अपार्टमेंट में प्रवेश नहीं करने दे रहे थे। महिला ने 112 नंबर पर फोन किया तो पुलिस आई और वह बेटे के साथ अपने फ्लैट में गई।
बिजली विभाग के अवर अभियंता का बेटा नोएडा में प्राइवेट नौकरी करता है। लॉकडाउन में उनका बेटा मां-बाप के पास आने के लिए परेशान था। ऐसे में अवर अभियंता ने पत्नी को सड़क मार्ग से नोएडा भेजकर बेटे को लाने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय से पास बनवाया। रविवार की शाम पांच बजे के लगभग अवर अभियंता की पत्नी बेटे को लेकर अपने अपार्टमेंट पहुंची तो लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
सभी का कहना था कि जब बाहर से लोगों के शहर में आने पर पाबंदी लगाई गई है तो अवर अभियंता का बेटा नोएडा से किस आधार पर और कैसे वाराणसी आया। इस तरह की सुविधा तो आम आदमी को नहीं मिल पाती है। वहीं अवर अभियंता की पत्नी का कहना था कि उन्होंने अपने बेटे की जांच बीएचयू अस्पताल में कराई है, तब भी कोई उनकी बात नहीं मान रहा था। आखिरकार डीरेका चौकी इंचार्ज राघवेंद्र बहादुर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मां-बेटे को फ्लैट के अंदर कराए। इसके साथ ही महिला के बेटे को पुलिस ने ताकीद की है कि वह अपने फ्लैट से बाहर नहीं निकलेगा।