विशेश्वरगंज इलाके में एक महिला अपनी तीन वर्षीय पुत्री और मौसी के साथ दिवंगत पति की दुकान के बाहर धरने पर बैठ गई। महिला ने ससुराल पक्ष और पति के सहयोगी पर मानसिक प्रताड़ना, आर्थिक शोषण और दुकान पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया। आरोप है कि धरना दे रही महिला से उसके ससुराल पक्ष के लोगों और पति के सहयोगी ने नोकझोंक की। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
नायक बाजार, भैरोनाथ निवासी गुलशन जायसवाल से चौक क्षेत्र की सलोनी जायसवाल की शादी नवंबर 2020 में हुई थी। 16 अप्रैल 2024 को कैंसर की वजह से गुलशन का निधन हो गया। सलोनी का आरोप है कि पति की मृत्यु के बाद ससुराल वालों ने उनके 23.75 लाख रुपये ले लिए और गहने भी पास रख लिए। ससुराल वालों ने आश्वासन दिया था कि दो महीने में पैसा वापस कर देंगे। मगर, सलोनी और तीन वर्ष की बच्ची को प्रताड़ित करने लगे।
ससुराल वाले अब उन्हें घर से निकालना चाहते हैं। ससुराल में रहने के लिए शर्त रखे हैं कि मायके से हर महीने 30,000 रुपये लाकर दो। सलोनी ने जब पति की विशेश्वरगंज मंडी की दुकान लेनी चाही तो पति का सहयोगी धमकी देने लगा कहा कि वह दुकान अब उसकी है। उसने दुकान का शटर गिराकर ताला लगा दिया।
इसे भी पढ़ें; Varanasi Crime News: दहेज के लिए बेटी की हत्या की गई, पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि दुकान उसके पति की थी जिस पर उनका सहयोगी अवैध रूप से कब्जा करना चाहता है। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर 15 अप्रैल को मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल महिला को पुलिस ने समझा कर मायके भेज दिया है।