फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नहीं थम रही चेन स्नैचिंग, मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आई महिला की चेन छीनी

Tue, 03 Mar 2020 01:48 AM IST
स्‍वाधीन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

एसएसपी की नाराजगी के बावजूद शहर में चेन छीनने की घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। सोमवार को मंडुवाडीह और जैतपुरा क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह दो महिलाओं की चेन छीन ली। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।

मड़ौली निवासी मोहन सिंह के पुत्र छोटू सिंह की शादी सोमवार को थी। शादी में सम्मिलित होने के लिए बिहार के भोजपुर से शशि सिंह की पत्नी गुड्डी देवी अपने परिवार के साथ मड़ौली आयी थी। शाम के समय परिवार के साथ वह मड़ौली स्थित बाड़ूबीर मंदिर जा रही थी। इसी दौरान आए बाइक सवार बदमाश उनके गले पर झपट्टा मार कर सोने की चेन खींच कर मड़ौली की ओर भाग निकले।

विज्ञापन


उधर, जैतपुरा थाना अंतर्गत पहड़िया पोखरे के समीप कोलकाता से आई आशा देवी की चेन बाइक सवार बदमाशों ने छीन ली। वह अशोक विहार कॉलोनी फेज 2 निवासी अपने रिश्तेदार के यहां आई थी। रिश्तेदार के घर से कहीं अन्यत्र जाने के लिए वह ऑटो में बैठने जा रही थीं, इसी दौरान बाइक सवार बदमाश उनके गले पर झपट्टा मार कर चेन छीन लिए।

कैंट और मंडुवाडीह क्षेत्र में तीन जगह उचक्कागीरी

वाराणसी शहर में उचक्कों का गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार को मंडुवाडीह और कैंट थाना क्षेत्र में बाइक सवार उचक्के तीन चार पहिया वाहनों के चालकों से मोबिल गिरने की बात कह कर नगदी, लैपटॉप और जरूरी कागजात उड़ा दिए। सूचना पाकर पुलिस भुक्तभोगियों से सिर्फ पूछताछ तक ही सीमित रही।

चंदौली के बबुरी थाना के खुरुहुजा निवासी अधिवक्ता दुर्गेश तिवारी की स्कार्पियो ककरमत्ता स्थित एक लॉन के सामने खड़ी थी। इसी बीच दो युवक आए और चालक से मोबिल गिरने की बात कहे तो वह नीचे उतरा। इस पर दूसरा युवक स्कार्पियो से बैग निकाला और दोनों भाग निकले। दुर्गेश के अनुसार बैग में कपड़े, नगदी, आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी कागजात थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस सक्रियता दिखाती तो उचक्के पकड़े जाते। उधर, शाम के समय नदेसर क्षेत्र में एक होटल के मैनेजर ताराचंद श्रीवास्तव की कार खड़ी थी। इसी बीच बाइक सवार दो उचक्के आए और उनके चालक से कार से मोबिल गिरने की बात कहे। चालक जैसे ही नीचे उतरा तो उचक्के कार में रखा बैग उड़ा दिए।

विज्ञापन


बैग में लैपटॉप और जरूरी कागजात थे। इसी तरह वरुणा पार स्थित जेपी मेहता स्कूल के समीप एक खाद कंपनी के मैनेजर सतपाल सिंह की कार खड़ी थी। दो उचक्के आए और चालक से मोबिल गिरने की बात कह कर कार से बैग निकाल लिए। बैग में लैपटॉप, नगदी सहित अन्य सामान थे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें