घोसी कोतवाली क्षेत्र के सेमराडाड निवासी शांति देवी शनिवार की शाम पैदल बाजार करने पीढ़वल मोड़ गई थीं। फोरलेन पार कर रही थीं, तब तक किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर स्थानीय और शांति के गांव के लोगों ने पहुंचे और अंडरपास की मांग पर शव फोरलेन पर रखकर जाम लगा दिया।
जाम लगाने की सूचना पर घोसी उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह, नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा, सीओ जितेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय पहुंचे। मामला बिगड़ता देख मौके पर घोसी, कोपागंज, दोहरीघाट और मुहम्मदाबाद गोहना, मधुबन थाना की पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी।
16 दिन पहले हुई थी युवक की मौत
पीढ़वल मोड़ के पास अंडरपास या ओवरब्रिज नहीं होने के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। हर सप्ताह किसी जान जा रही तो कोई घायल हो जाता है। 17 दिसंबर 2025 को पीढ़वल मोड़ पर घोसी नगर के मदापुर समसपुर छावनी निवासी मुंशी रशीद अहमद की मौत हो गई थी। बीते 03 मई की रात करीमुद्दीनपुर निवासी मौलवी तौकीर और कस्बा खास निवासी रितेश चौहान (25) की मौत हो गई थी। बीते छह जून की दोपहर में हांसापुर किरकिट निवासी उदित कुमार उर्फ शुभम (28) की मौत हो गई थी।