कोल्हुआवीर व्यायामशाला के केयरटेकर विश्वनाथ ने बताया कि रात में 10 बजे क्षेत्र की दुकानें बंद होने के बाद व्यायामशाला से लोग चले जाते हैं। सिर्फ एक छोटा गेट खुला रहता है। व्यायामशाला के अगल-बगल में रहने वाले लोगों के मुताबिक, मंगलवार की देर रात बाइक सवार युवक-युवती घुसते हुए दिखे थे।
एडीसीपी राजेश पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुष्कर्म का मामला है। महिला कहीं बाहर की रहने वाली लग रही है। उसकी उम्र करीब 35 वर्ष है और वह बांग्ला भाषी है। अभी कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं है। महिला की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है।
सरायनंद खोजवा स्थित कोल्हुआवीर व्यायामशाला में घटी घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। घटनास्थल पर बिखरे खून की फोरेंसिक टीम ने जांच भी नहीं की और पुलिस ने उस स्थान को धुलवा दिया। बिना फोरेंसिक टीम से जांच कराए खून धुलवाने को लेकर क्षेत्र के लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि शाम से लेकर देर रात तक व्यायामशाला के भीतर नशेड़ियों और अराजकतत्व के लोगों का जुटान होता है। इसकी शिकायत कई बार खोजवा चौकी पर की गई लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया।