वाराणसी के रोहनिया में देर शाम जीटी रोड पार करते समय बीरभानपुर गांव के सामने बाइक से टक्कर लगने के बाद हुए हादसे में एक महिला की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम को बसंतपट्टी की रहने वाली पचास वर्षीया निर्मला राजभर पत्नी दुखरन गांव के ही सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर रही थीं। उसी समय राजातालाब की ओर से आ रही तेज बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि निर्मला कुछ दूर जाकर सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। जब तक लोग कुछ समझ पाते बाइक सवार वाराणसी की तरफ भाग निकले।
आसपास के लोगों ने निर्मला को उठाकर किनारे किया और उनके घर वालों को सूचना दी। घरवाले जब तक मौके पर पहुंचे उनकी मौत हो चुकी थी। परिवार के लोग निर्मला की लाश घर ले आए।