Varanasi News: बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ चौराहे पर स्थित एसएएस हॉस्पिटल में सोमवार को इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही और आयुष्मान भारत योजना के नाम पर धन उगाही का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी अनुसार, लोहता के मंगलपुर निवासी शबनम बानो (38) को बीते शनिवार को अपेंडिक्स के ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद से ही शबनम की स्थिति खराब हो गई। परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले जाना चाहते थे, लेकिन डॉक्टरों ने जाने नहीं दिया। इसी बीच सोमवार को महिला की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल परिसर के बाहर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।