जैतपुरा थाना क्षेत्र के चौकाघाट स्थित संजय नगर अपार्टमेंट में सोमवार दोपहर संदिग्ध हाल में चार मंजिला छत से गिरने से साड़ी व्यापारी के घर में काम करने वाली रेनू देवी (35) पत्नी सच्चे लाल गौड़ की मौत हो गई।
मामले की सूचना पाकर जैतपुरा पुलिस और फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की जांच पड़ताल में फ्लैट के छत पर साड़ी का एक गट्ठर, पर्स और महिला का चप्पल मिला। पुलिस ने महिला के परिजनों को सूचित कर मौके पर बुलाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौजूदा समय में साड़ी व्यापारी आदित्य मल्होत्रा अपने पोते का मुंडन कराने अपने पैत्रक गांव बरेली गए हैं। उनके फ्लैट में ताला लगा था। जिसकी चाभी रेनू के पास थी। घटना को लेकर संजय नगर अपार्टमेंट में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है।
ढेलवरिया निवासी सच्चे लाल गौड़ की पत्नी रेनू लंबे समय से साड़ी कारोबारी आदित्य मल्होत्रा के घर साफ सफाई का काम कर रही थी। फ्लैट में रहने वालों ने बताया कि दोपहर 2:30 बजे रेनू चार मंजिल पर रहने वाले आदित्य मल्होत्रा के घर पहुंची थी।
चार बजे शाम के करीब उसकी लाश फ्लैट के पीछे पड़ी थी। लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ जैतपुरा ने बताया कि फ्लैट के छत से महिला का पर्स, चप्पल और एक साड़ी का गट्ठर मिला है। जिसे कब्जे में ले लिया गया है।