मिर्जामुराद। थाना क्षेत्र निवासी महिला ने विकास कुमार पांडेय पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने, मारपीट और छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला का आरोप है कि आरोपी कई महीनों से फोन कर उस पर छेड़खानी का मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था। इन्कार करने पर तेजाब फेंकने, दुष्कर्म कराने और नौ वर्षीय बेटे को अगवा कर जान से मारने की धमकी देता था।
आरोप है कि 13 नवंबर को आरोपी एक लेखपाल के साथ उसके घर पहुंचा और जमीन की पैमाइश कराने लगा। महिला ने विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और मारपीट की। आरोप है कि उसने नाखून से महिला के सीने पर खरोंच मारी और साड़ी खींचकर छेड़खानी की। बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के ससुर को भी पीट दिया। महिला ने घटना का वीडियो और फोन पर मिली धमकियों की रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।