तेज धूप और गर्मी के बावजूद मंगलवार को विश्व स्वैच्छिक रक्तदाता दिवस पर लोग पूरे जोश और जज्बे के साथ रक्तदान के लिए आगे आए। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) लहुराबीर और मंडलीय अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में 145 लोगों ने रक्तदान किया। इसमें आईएमए में 120 यूनिट जबकि मंडलीय अस्पताल में 25 यूनिट रक्त संग्रहीत किया गया। दूसरों की जान बचाने के संकल्प के साथ रक्तदान के लिए आए लोगों में बड़ी संख्या में युवा भी शामिल थे। 39 जीटीसी के जवानों के साथ रेड एफएम के युवा साथी भी महादान की इस मुहिम का हिस्सा बने। कांग्रेस विधायक अजय राय और विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने भी उत्साह से भागीदारी की।
आईएमए सभागार में सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक चले शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान के लिए पंजीयन काउंटर पर कतार लगी रही। कुछ लोग पहली बार रक्त देने पहुंचे तो कुछ ऐसे भी रहे जिनके लिए रक्तदान का यह दसवां मौका था। बारी-बारी से सबने पूरे उत्साह से रक्तदान किया। इससे पहले शिविर के उद्घाटन अवसर पर आईएमए सचिव डॉ. कार्तिकेय सिंह ने रक्तदाताओं को रक्तदान की महत्ता के बारे में बताया। कहा कि स्वैच्छिक रक्तदाताओं की संख्या बहुत कम है। प्राय: समय से खून न मिल पाने की वजह से जरूरतमंदों की जिंदगी बचानी मुश्किल हो जाती है। उनके परिवारीजनों को रक्त के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। ऐसी परिस्थितियों में स्वैच्छिक रक्तदान करने वालों का प्रयास काम आता है और जरूरतमंद को तुरंत खून मिल जाता है।
इस दौरान 39 जीटीसी के ले. कर्नल डीएस महलावत ने इस तरह के शिविरों के आयोजन को जरूरी बताया। कहा कि आगे भी इस तरह के शिविरों में वह जवानों संग भागीदारी करेंगे। उधर, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में लगे शिविर में सीएमओ डॉ. वीबी सिंह, प्रमुख अधीक्षक डॉ. सीपी कश्यप, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविंद सिंह, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. आरके सिंह समेत अन्य चिकित्सकों ने लोगों से रक्तदान की मुहिम में बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की। इस दौरान आईएमए अध्यक्ष डॉ. ओपी तिवारी ने लोगों को रक्तदान का महत्व बताया। शिविर में डॉ. डीआर सिंह, डॉ. गौतम सेन, श्रीप्रकाश पांडेय, केके सिंह, आशुतोष श्रीवास्तव, रामकुमार गुप्ता, केपी चौबे, संदीप, सनी और स्मृति पांडेय ने सहयोग किया।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 39 जीटीसी के ले. कर्नल डीएस महलावत अपने 25 जवानों की टोली के साथ पहुंचे। रक्तदान के लिए आए जवानों का उत्साह देखते बना। पहले सभी ने लाइन में लगकर पंजीकरण और जांच कराई। उसके बाद आईएमए के चिकित्सकों की देखरेख में रक्तदान किया। सभी के चेहरे पर खुशी भाव था कि उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए खून दिया। राष्ट्र सेवा के साथ समाज सेवा का फर्ज निभाया। रक्तदान करने वालों में जगत बहादुर बोरा, जीबी, बाल कुमार गुरुंग, अरविंद ठाकुरी, मिन बहादुर थापा, गोविंद विस्ट, विनोद श्रेष्ठ, उपेन खवास, गोवर्धन चंद, आशीष ठाकुरी, वाशु गुरुंग, आशीष थापा, आकाश प्रधान, राजकुमार घाले, ओम नरायन नेवर, लाल बहादुर गौतम, कृष्ण बहादुर थापा, रोशन परियार, प्रताप कुंवर, खेन बहादुर गुरुंग, कृष्ण बहादुर तमांग, रोहित नेवर और आर राय शामिल रहे।
विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित शिविर में रेडियो चैनल रेडएफएम 93.5 की पांच सदस्यीय टीम भी रक्तदान करने पहुंची। अलका के साथ पहुंचे आरजे विशाल, सतीश चंद्रा, अभिषेक, शालिनी ने रक्तदान करने आए 39जीटीसी के जवानों से भी मुलाकात की। उत्साह से लबरेज टीम के सदस्यों ने रक्तदान कर महादान की इस मुहिम को गति दी। शिविर में भागीदारी कर उत्साहित रेड एफएम की टीम ने कहा कि वो आगे भी इस तरह के शिविरों में सहभागिता करती रहेगी।
कांग्रेस विधायक अजय राय भी समर्थकों के साथ रक्तदान के लिए शिविर में पहुंचे। विधायक के अलावा पार्षद संजय सिंह, खादी यादव, विष्णु जायसवाल और कतलू सिंह ने रक्तदान किया। विधायक ने कहा कि यह सामाजिक कार्य है और इसमें हर किसी को उत्साह से आगे आना चाहिए।