वाराणसी (ब्यूरो)। आराजी लाइन ब्लाक का जयापुर देश का पहला गांव होगा जहां का हर घर एलईडी बल्ब की रोशनी से जगमग होगा। सोमवार को पीजीआर ग्रुप के चेयरमैन रघु मिश्रा ने गांव में एलईडी बल्ब का वितरण किया।
मालूम हो कि जयापुर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद लिया है। गांव के सभी 700 घर जल्द ही एलईडी बल्ब की रौशनी से जगमग होंगे।
ग्राम प्रधान दुर्गावती देवी के प्रतिनिधि नारायण पटेल ने बताया कि पीजीआर कंपनी के चेयरमैन ने सोमवार को खुद दो दर्जन से अधिक परिवारों को एलईडी बल्ब बांटे।
बल्ब का पूरा स्टाक आ चुका है। दो-तीन दिन में इसका वितरण करा दिया जाएगा। बताया कि पांच वाट के इस बल्ब की तीन साल की गारंटी है। बाजार में इसकी कीमत 300 रुपये के आसपास है। कंपनी की ओर से जयापुर के लोगों को एक वल्ब नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया है। कंपनी ने कारपोरेट सोशल रिस्पांसबिलिटी के तहत ऊर्जा संरक्षण की अपनी मुहिम को प्रसार देने के लिए जयापुर में बल्ब बांटा है।