शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर बुधवार को मैदागिन गोलघर स्थित मां सिद्धिदात्री के दर्शन-पूजन के लिए भीड़ लगी रही। मां की झांकी के दर्शन कर भक्त निहाल हुए। भक्तों ने मां से सुख-समृद्धि और सर्वसिद्धि की कामना की।
ब्रह्म मुहूर्त में माता को पंचामृत स्नान कर सुगंधित फूलों, लाल चुनरी और आभूषण से शृंगार हुआ। फल और मिष्ठान आदि का भोग लगा। मंदिर का पट खुला तो घंटा-घड़ियाल के अनुगूंज के बीच मां के जयकारे के साथ दर्शन शुरू हुआ। कतारबद्ध होकर भक्त गुड़हल की माला, लाल चुनरी, नारियल, फल, मिष्ठान, सिंदूर, रोली आदि नैवेद्य और मन में भक्तिभाव लिए मां के दर्शन के लिए इंतजार में लगे थे। देवी का स्वरूप सभी सिद्धियों को प्रदान करने वाला है। इसलिए माता का नाम सिद्धिदात्री पड़ा है। भक्त मां का पूजन कर समस्त सिद्धियों को प्राप्त करने की कामना की।