कई दिनों से चिलचिलाती धूप और उमस से बेहाल लोगों को बुधवार दोपहर बाद राहत मिली। धूल भरी आंधी और शाम को गरज चमक के साथ बूंदाबांदी से तापमान गिरा। भीषण गर्मी और उमस से निजात मिली। मौसम विज्ञानी के अनुसार पूर्वांचल में दो-तीन दिन तक इसी तरह मौसम रह सकता है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 38.5 और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीएचूय के मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से पुरवाई चलने से मौसम में बदलाव हुआ है।
पूर्वांचल में तेजी से मौसम बदला है। जमीन की सतह से एक किमी की ऊंचाई तक गर्म हवा और पुरवा हवा की नमी मिलने से आंधी आई। हल्की बूंदाबांदी हुई। पूर्वांचल में दो से तीन दिन तक ऐसे ही मौसम बने रहने का अनुमान है।
उम्मीद है कि अभी आगे भी आंधी और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकती है। ऐसे ही मौसम रहा तो कहीं-कहीं आंधी के साथ ओले पड़ सकते हैं।