उद्घाटन करते केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे
- फोटो : अमर उजाला।
वाराणसी में कोरोना संक्रमण के दौर में लोगों को खून की जांच और सामान्य बीमारियों के बारे में परामर्श दिलाए जाने के उद्देश्य मोबाइल लैब बाइक की शुरुआत की गई है। शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे और केंद्रीय मंत्री डॉक्टर महेंद्र पांडे ने ऑनलाइन मोबाइल लैब बाइक का शुभारंभ किया।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने बताया कि शहर के वार्ड और गांव में पायलट प्रोजेक्ट के तहत "चिकित्सा चिकित्सक आपके द्वार "कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसके तहत ही लोगों को घर बैठे चिकित्सकीय परामर्श, ब्लड जांच की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि गांव और शहरों में घूम-घूम कर आन द स्पॉट मोबाइल लैब के माध्यम से 76 तरह की ब्लड जांच की सुविधा प्रदान करेगी। आईसीएमआर से अधिकृत इस पायलट प्रोजेक्ट का भागलपुर-बक्सर में हाल ही में शुभारंभ किया गया था। कोरोना काल मे यह फायदेमंद होगा।
जांच के अलावा जो बीमार मरीज हैं उन्हें एम्स पटना के चिकित्सकों द्वारा टेलीमेडिसिन की सुविधा भी दी जाएगी। दवा आदि का पर्चा भी प्रिंट निकालकर दिया जाएगा। सभी मरीजों का रिकॉर्ड आईआईआईटी भागलपुर के सर्वर और मुख्य डाटा सेंटर पर भी संरक्षित होगा जिससे स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 24 घंटे देखा जाएगा। मरीजों को डॉक्टर का पर्चा भी दिया जाएगा।