चंदौली के बलुआ थाना के खंडवारी गांव निवासी अरुण उर्फ बबलू जायसवाल ने मायके से पत्नी के न आने से क्षुब्ध होकर दो दिन पहले विषाक्त खाया था, लेकिन किसी तरह जान बच गई। रविवार की रात उसने घर में ही गमछे का फंदा बनाकर उस पर झूल कर आत्महत्या कर ली। सुबह मौत का पता चलने पर परिवार वालों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खंडवारी गांव निवासी गौरीशंकर का पुत्र अरुण जायसवाल (38) घर के सामने ही अंडा-पान की दुकान चलाकर परिवार का जीविकोपार्जन करता था। एक माह पहले उसकी पत्नी अपने तीनो बच्चों के साथ मायके गई थी। इस बीच अरुण ने कई बार पत्नी को बुलावा भेजा, लेकिन पत्नी नहीं आई। इससे वह क्षुब्ध हो गया। दो दिन पहले उसने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत खराब होने पर परिवार वालों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, यहां उसकी जान बची।