फंदा लगाने के लिए गैस सिलिंडर को बेड पर रखा और पहुंच बनाई
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा में बृहस्पतिवार को मोबाइल फोन चलाने को लेकर मां की डांट से नाराज पूजा (18) ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। फंदा लगाने के लिए घर में रखे गैस सिलिंडर को बेड पर रखा और उस पर चढ़कर फंदे से लटक गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लल्लापुरा में किराये के मकान में रहने वाले हनुमान दास चौरसिया पानदरीबा में मजदूरी करते हैं। परिवार में चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की बेटी पूजा (18) के मोबाइल पर अधिक समय बिताने और बातचीत करने को लेकर उसकी मां सावित्री देवी रोकती टोकती थीं। इस बात से पूजा नाराज रहती थी। बृहस्पतिवार को भी इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद पूजा कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद घर लौटे पिता ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर एक बच्ची की मदद से दरवाजे की कुंडी खोली गई। कमरे के अंदर पूजा को फंदे से लटका देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
अभिभावकों को बच्चों के साथ संवाद करते रहना चाहिए। बातचीत से बहुत सी समस्याओं का समाधान हो जाता है। घर में बच्चों को किसी तरह की गलती पर समझाएं। मोबाइल छीनने जैसी घटना से संबंधित व्यक्ति के टेंशन का लेवल बढ़ जाता है। उस समय कोई भी कदम उठा लेते हैं, उन्हें कुछ समझ नहीं आता है। - प्रो. संजय गुप्ता, मनोचिकित्सक, बीएचयू