जैतपुरा थाना क्षेत्र के दोषीपुरा निवासी बुनकर अजीज हैदर (26) ने मंगलवार की तड़के फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह घरवालों ने कमरे में फंदे से लटका शव देखा तो चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। घर वाले बिना पोस्टमार्टम के शव का अंतिम संस्कार करने पर अड़ गए। हालांकि पुलिस के समझाने पर बाद में राजी हुए और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। घटना की कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई। घर वालों के अनुसार छह अप्रैल को ही अजीज का निकाह हुआ था।
पावरलूम के काम से खाली होकर अजीज हैदर सोमवार की शाम घर पहुंचा और खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया। मंगलवार की सुबह अजीज ने रोजाना की भांति टुल्लू पंप नहीं स्टार्ट किया तो पिता कमर अली ने आवाज लगाई। कोई जवाब न आने पर उन्होंने अजीज के कमरे का दरवाजा खटखटाया। फिर दरवाजे के बीच पड़ी दरार से देखा तो अजीज मच्छरदानी के फंदे के सहारे पंखे से लटका पड़ा था। उनके शोर मचाने पर घर के बाकी लोग भी आ गए और सूचना पुलिस को दी गई।
अजीज के भाई मोरम अली ने बताया कि दो दिन पहले ही उसकी पत्नी गजाला बानो मायके गई थी, मंगलवार को उसे लेने जाना था। उसकी आत्महत्या का कोई कारण समझ नहीं आ रहा है।
जैतपुरा थानाध्यक्ष संजीव कुमार मिश्र ने बताया कि परिवार आर्थिक रूप से संपन्न है। आत्महत्या की कोई वजह सामने नहीं आई है और न ही परिवारीजनोें ने कुछ बताया है।