वाराणसी में धूल भरी आंधी से बदला मौसम
- फोटो : अमर उजाला
पिछले तीन चार दिनों से तेज धूप और गर्म हवाओं के चलने से गर्मी से परेशान लोगों को सोमवार को राहत मिली। वाराणसी में सुबह से बादलों की आवाजाही और नम पुरवा हवाओं के चलने के बाद दोपहर चार बजे के धूल भरी आंधी से मौसम बदल गया। धूल भरी आंधी के चलने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही हवा की वजह से शहरी और ग्रामीण इलाकों में कई जगह छतों पर रखे टिनशेड उड़ गए तो कहीं बीच सड़क पेड़ भी गिर गया। यातायात भी बाधित हुआ। इधर, आंधी शुरू होते ही एहतियातन बिजली विभाग ने भी बिजली काट दी।
सोमवार को सुबह मौसम साफ रहा। दोपहर में धूप भी हुई लेकिन हवा में नमी अधिक होने की वजह से धूप का असर कम रहा। शाम चार बजे अचानक धूल भरी आंधी आई। करीब आधे घंटे तक तेज हवा के चलने से लेागों को गर्मी से राहत जरूर मिली लेकिन नुकसान भी हुआ। सड़क पर चलने वाले लोग जहां थे, वही रूक गए। आंधी की वजह से दृश्यता कम होने की वजह से सड़कों पर लोगों को वाहनों के लाइट जलाने पड़े। उधर आम की फसल का खासा नुकसान हुआ है।