चोलापुर के चमरहा बाजार, उदयपुर, गोसाईपुर में आंधी से लोगों के टिन शेड उड़े और पेड़ की डालियां भी गिर गईं। उधर चिरईगांव, हरहुआ सहित अन्य जगहों पर भी आंधी की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित रही। मौसम के बदलाव के कारण ही अधिकतम तापमान भी 42 डिग्री सेल्सियस से कम होकर बृहस्पतिवार को 41.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि मौसम में बदलाव पश्चिमी विक्षोभ का ही असर है। शुक्रवार तक मौसम ऐसे ही रहने के आसार हैं।
गुरुवार शाम आई तेज आंधी की वजह से नवलपुर, मीरापुर बसही रोड पर लगा नगर निगम का बोर्ड एक राहगीर के ऊपर गिर गया। इससे उसे चोट लग गई। घटना की वजह से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत एंबुलेंस बुलवाकर अस्पताल भिजवाया।