वाराणसी में पिछले दो दिनों से अचानक मौसम में आए बदलाव की वजह से उमस गायब हो गई है। बादल छाए रहने और नम हवाओं के चलने से लोग राहत महसूस कर रहे हैं। तापमान में भी उतार चढ़ाव जारी है।
इधर बुधवार के बाद गुरुवार की सुबह भी बादल छाए रहे और नम पुरवा हवाएं चलती रही। इस सप्ताह शुरुआत में जहा अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस हो गया था, वो भी 37 तक आ गया है।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय के अनुसार पहाड़ी इलाकों में मौसम में बदलाव की वजह से ही पूर्वांचल में भी मिजाज बदला है। उन्होंने बताया कि आने वाले दो-तीन दिनों में वाराणसी और आसपास के जिलों में अभी मौसम ऐसे ही रहने की संभावना है। तेज हवा संग बूंदाबांदी के भी आसार बने हैं।