बिजली आपूर्ति बाधित होने से बढ़ी परेशानी
सोमवार की शाम को आई आंधी की वजह से बिजली निगम की ओर से एहतियातन फीडरों की आपूर्ति बंद करनी पड़ी।सारनाथ, लोहता, मंडुवाडीह, लंका, सामनेघाट, भेलूपुर, सिगरा, लहुराबीर, पांडेयपुर आदि क्षेत्रों में कटौती हुई। ऐसे ही ग्रामीण क्षेत्रों में मिर्जामुराद, चोलापुर, रोहनिया, राजातालाब, चिरईगांव, चौबेपुर आदि क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। आधे घंटे बाद मौसम के सामान्य होते ही बिजली निगम की ओर से आपूर्ति बहाल की गई। जिन जगहों पर तार टूटा, पोल टेढ़ा हो गया था, वहां आपूर्ति बहाल करवाने में आधे से एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। मुख्य अभियंता अनिल वर्मा ने बताया कि आंधी के कारण कई जगह शटडाउन लिया गया था। वहीं कुछ जगह खराबी आई जिसे मौसम सामान्य होते ही ठीक कराया गया और आपूर्ति बहाल कराई गई।