सोमवार को हुई तेज बारिश से लंका भोगाबीर में सड़क पर हो गया था जल जमाव।
- फोटो : अमर उजाला
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि मानसून की सक्रियता की वजह से अभी मंगलवार को भी तेज बारिश होगी। अब इस तरह का मौसम पूरे सप्ताह बना रहेगा। अभी तीन चार दिन तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा और हल्की से तेज बारिश भी होती रहेगी। आमतौर पर 15 से 20 जून के बीच आने वाला मानसून इस बार समय से पहले आ गया है।
पूर्वांचल में इसकी सक्रियता भी अधिक है। मंगलवार को सुबह से ही बादलों की आवाजाही जारी है। घने बादल तेज बारिश की ओर संकेत दे रहे हैं। नम हवा भी चलने से लोगों को गर्मी से राहत है। हालांकि बाहर हल्की उमस का असर भी है।
वाराणसी में सोमवार को मानसून की पहली बरसात ने ही नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल कर रख दी थी। दोपहर बाद शुरू हुई बरसात देर रात तक होती रही। इससे जहां लोगों को उमस से राहत मिली, वहीं जगह-जगह जलभराव से लोगों को मुश्किलें भी झेलनी पड़ी। शहर से लेकर गांव तक सड़कों पर कहीं पानी भर गया तो कहीं कीचड़ से लोग गिरते-गिरते बचे। शहरी इलाकों में जलभराव ज्यादा होने के कारण वाहन बंद हो गए और लोगों को वाहनों को धक्का देना पड़ा। बसरात का पानी निचले इलाकों में अभी भी भरा है।