वेदर स्टेशन बताएगा गांव में कब होगी बारिश और धूप
- फोटो : अमर उजाला
अब किसानों को मौसम की मार नहीं झेलनी पड़ेगी। हर ब्लॉक व गांवों में ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन व ऑटोमेटिक रेन गेज लगाए जाएंगे। इससे किसानों को बारिश, धूप, तापमान, आद्रता, हवा की गति जैसी तमाम जानकारी मिल जाएगी। इससे वह फसलों की बुआई से लेकर सिंचाई तक कर सकते हैं। पूर्वांचल के 10 जिलों में 9590 वेदर स्टेशन खोले जाएंगे। सबसे ज्यादा आजमगढ़ व जौनपुर में खुलेंगे। वाराणसी में 684 स्टेशन होंगे। अगले माह से इसे खोलने की तैयारी है।
यूपी सरकार ने शुरू की नई योजना
प्रदेश सरकार ने विंड्स कार्यक्रम (वेदर इंफॉर्मेशन नेटवर्क डाटा सिस्टम) योजना शुरू की है। पहले चरण में पूर्वांचल के भी 10 जिलों का चयन हुआ है। इन जिलों के 130 ब्लॉक मुख्यालयों पर ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन बनाए जाएंगे। ग्राम पंचायतों में ऑटोमेटिक रेन गेज लगाए जाएंगे। जिन गांवों में पंचायत भवन नहीं है, वहां के प्राथमिक विद्यालयों में ये लगेंगे। वाराणसी मंडल के प्रभारी संयुक्त कृषि निदेशक एके सिंह ने बताया कि इस वेदर स्टेशन को लगाने के लिए ब्लॉक व गांवों में सर्वे कराकर रिपोर्ट कार्यदायी कंपनी को भेज दी गई है।