पिछले सप्ताह शुक्रवार को बूंदाबांदी के बाद से ही वाराणसी सहित आसपास के जिलों में मौसम का मिजाज बदला है। रविवार को हवा की रफ्तार थमने से लोग उमस से बेचैन रहे। सुबह बादलों की आवाजाही जारी रही लेकिन दोपहर बाद तेज धूप से गर्मी भी अधिक लग रही थी। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक आने वाले दो-तीन दिनों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी के आसार भी बने हुए हैं।
दिन में कभी तेज धूप होने से गर्मी का एहसास हो रहा है तो शाम को हवा चलने से लोगों को राहत भी मिल रही है। एक बार फिर से उमस बढ़ने लगी है। रविवार को सुबह जिस तरह से बादल छाए रहे, लग रहा था कि बूंदाबांदी हो सकती है लेकिन फिर धूप ने लोगों को परेशानी बढ़ा दी। इधर तापमान में भी उतार-चढ़ाव लगातार बना हुआ है।
शुक्रवार को 38.7 डिग्री सेल्सियस तो शनिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री पहुंच गया। अब रविवार को 37.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार से सटे इलाकों से साइक्लोनिक सरकुलेशन पास हो रहा है, इस वजह से अगले दो-तीन दिनों के भीतर तेज हवा के साथ बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है। पुरवा हवा में नमी की वजह से उमस है।