वाराणसी। इस सप्ताह के शुरुआत से ही अच्छी धूप, नम हवा न चलने से लोगों ने ठंड से राहत महसूस की लेकिन अब एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। शुक्रवार से रविवार के बीच वाराणसी और आसपास के इलाकों में नम पछुआ हवाओं के साथ बूंदाबांदी के आसार है।
अभी जहां लोगों को हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है वहीं बारिश के साथ ठंड के दुबारा लौटने की संभावना है। इधर अधिकतम तापमान भी बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से वाराणसी समेत आसपास के जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय के अनुसार शुक्रवार से यहां बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। इस वजह से रविवार तक नम पछुआ हवाओं के साथ बूंदाबांदी की भी संभावना है। बताया कि इसके बाद तापमान में भी कमी आएगी और ठंड भी बढ़ेगी। इधर बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।