पूर्वांचल में रविवार को दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया। जौनपुर, गाजीपुर, सोनभद्र में बिजली गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग झुलस गए। जौनपुर में मरने वाले पांच लोगों में दो सगे भाई हैं। आंधी-बारिश के कारण सैकड़ों पेड गिर गए। 12 से अधिक ट्रांसफार्मर खंभे सहित ढह गए। इससे कई गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं, गाजीपुर में दो और सोनभद्र में एक की मौत हो गई।
जौनपुर जिले के काशीदासपुर के राहुल यादव ने बताया कि उनके अंश (12) और अंशु (10) आंधी-वारिश के समय पड़ोसी अनिल यादव के बेटे आयुष (12) के साथ बगीचे में आम बीनने गए थे। इस दौरान बिजली की चपेट आकर तीनों की मौत हो गई। वहीं, करनेहुआ गांव के बृजेश (25) की बिजली गिरने से मौत हो गई।
लौआ सफीपुर गांव की आठ की छात्रा अनामिका (15) की बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि मीरापुर गांव के रामनयन की पुत्री अंकिता झुलस गई। वहीं, घनश्यामपुर गांव के रमाशंकर (40) और ऊंचगांव की सोनी (16) मोनी (18), शालिनी (16) व गुड़िया (13) बिजली की चपेट में आने से झुलस गई।
इसे भी पढ़ें; Ballia News: धधकती आग में स्वाहा हुईं दो दुकानें, कर्ज के 40 हजार रुपये भी जलकर राख; स्कूल की खिड़किंयां जलीं
गाजीपुर में 30 मिनट की बारिश के दौरान कई स्थानों पर बिजली गिर गई। रेवतीपुर क्षेत्र के अठहठा गांव के श्याम बिहारी यादव (65) और सैदपुर क्षेत्र के खजुरा के पिंटू कश्यप का पुत्र प्रांशु कश्यप (12) की बिजली गिरने से मौत हो गई। सोनभद्र के अमवार चौकी क्षेत्र के गोहडा निवासी शिवनाथ खरवार की पत्नी सुवचनी देवी (48) पर बिजली गिरने से मौत हो गई। भदोही, मिर्जापुर जिले में आंधी-बारिश से मौसम बदल गया।