एक बार फिर से मौसम का रुख बदलाव की ओर होने की उम्मीद है। पश्चिमी विक्षोभ का असर पाकिस्तान तक पहुंच गया है और यह तेजी से अब राजस्थान व पंजाब की ओर बढ़ रहा है। पूर्वांचल में पहुंचने के बाद मौसम का रुख बदलते ही तापमान में कमी भी आएगी। पारा चढ़ने से लोगों को ठंड की विदायी का अहसास तो हुआ मगर यह बादलों की सक्रियता का प्रतीक भी बना हुआ है क्योंकि बादलों का झोंका आने ही वाला है। हालांकि दूसरे पखवारे से तापमान में और इजाफा होने के साथ ही न्यूनतम पारा बीस डिग्री भी पार कर सकता है।
मौसम के बदले रुख से बुधवार को आसमान में बादलों की सक्रियता रही और ठंडी हवाओं का जोर होने से लोगों को ठंड की मौजूदगी का असर भी दिखा। बीते चौबीस घंटों में इस सीजन में पहली बार अधिकतम पारा तीस डिग्री और 30.02 तक तापमान दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम पारा 16.07 डिग्री दर्ज किया गया। पूर्वांचल में आने वाले बादलों का असर राजस्थान से आते आते भले कम हो जाए मगर बूंदाबांदी का दौर लंबा चलने से मौसम में आमूलचूल बदलाव भी दिखेगा।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार आगामी सप्ताह में मध्यम से तेज वर्षा होने के साथ ही साथ बादल छाये रहने के आसार हैं। औसत अधिकतम तापमान 27.0 से 30.0 डिग्री सेंटीग्रेड के मध्य, न्यूनतम तापमान 14.0 से 16.0 डिग्री सेंटीग्रेड के मध्य एवम आर्द्रता 75 से 95 फीसद के मध्य एवं मध्यम से तेज गति से अधिकतर पूर्वी दिशा के ओर हवा चलने की संभावना है।